सकारात्मक वैश्विक संकेतों से कीमती धातुओं को मिला सपोर्ट, सोने-चांदी में करीब 1.5 प्रतिशत तक की बढ़त

सकारात्मक वैश्विक संकेतों से कीमती धातुओं को मिला सपोर्ट, सोने-चांदी में करीब 1.5 प्रतिशत तक की बढ़त


बिजनेस डेस्क। नई दिल्ली 

अंतरराष्ट्रीय बाजारों से मिले सकारात्मक संकेतों और निवेशकों की बढ़ती खरीदारी के चलते हफ्ते के आखिरी कारोबारी दिन शुक्रवार को दोनों कीमती धातुओं, सोने और चांदी, में मजबूती लौटी है, और इनमें 1 प्रतिशत से ज्यादा तक की तेजी दर्ज की गई। अमेरिकी ब्याज दरों को लेकर उम्मीदों, डॉलर में नरमी और मध्य पूर्व से जुड़े भू-राजनीतिक घटनाक्रमों ने कीमती धातुओं को समर्थन दिया है। 

अंतरराष्ट्रीय बाजार में सोना दो महीने के निचले स्तर से उबरकर फिर मजबूती के साथ कारोबार करता दिखाई दिया। वहीं घरेलू वायदा बाजार और सर्राफा बाजार में भी इसका सीधा असर देखने को मिला। अंतरराष्ट्रीय कमोडिटी एक्सचेंज कॉमेक्स पर सोने की कीमतों में करीब 1 प्रतिशत से अधिक की तेजी दर्ज की गई, जिसके बाद यह लगभग 4,200 डॉलर प्रति औंस के करीब पहुंच गया। इसी तरह चांदी भी मजबूत खरीदारी के दम पर 60 डॉलर प्रति औंस के ऊपर कारोबार करती दिखाई दी, जिसमें करीब 2 प्रतिशत की तेजी दर्ज की गई। 

बाजार विश्लेषकों के अनुसार, अमेरिकी डॉलर में नरमी और बॉन्ड यील्ड में कमी से सोने की सुरक्षित निवेश के रूप में मांग बढ़ी है। साथ ही निवेशक अमेरिकी फेडरल रिजर्व की आगे की ब्याज दर नीति पर भी नजर बनाए हुए हैं। वहीं, घरेलू बाजार की बात करें तो, मल्टी कमोडिटी एक्सचेंज (एमसीएक्स) पर भी शुक्रवार को सोने और चांदी की कीमतों में अच्छी तेजी देखने को मिली। 

शुक्रवार के शुरुआती कारोबार के दौरान दिसंबर डिलीवरी वाले सोने का भाव 1,51,200 रुपए प्रति 10 ग्राम के दिन के उच्च स्तर पर पहुंच गया, जो पिछले बंद भाव 1,49,610 रुपए से 1,590 रुपए यानी 1.06 प्रतिशत की बढ़त को दर्शाता है। वहीं, दिसंबर डिलीवरी वाली चांदी ने 2,24,500 रुपए प्रति किलोग्राम का उच्च स्तर टच किया, जो पिछले बंद भाव 2,21,233 रुपए से 3,267 रुपए यानी 1.47 प्रतिशत की बढ़त को दर्शाता है। 

हालांकि खबर लिखे जाने तक (सुबह करीब 11 बजे) दिसंबर डिलीवरी वाला सोना 1,493 रुपए यानी 1 प्रतिशत चढ़कर 1,51,103 रुपए प्रति 10 ग्राम पर ट्रेड करता नजर आया, तो वहीं दिसंबर डिलीवरी वाली चांदी 3,088 रुपए यानी 1.40 प्रतिशत की उछाल के साथ 2,24,321 रुपए प्रति किलोग्राम पर कारोबार करती नजर आई। 

विशेषज्ञों का कहना है कि अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के हालिया बयान, जिसमें उन्होंने नवंबर के मध्यावधि चुनावों से पहले ईरान पर किसी सैन्य कार्रवाई की संभावना से इनकार किया, ने बाजारों को कुछ राहत दी है। हालांकि मध्य पूर्व की स्थिति अभी भी निवेशकों के लिए चिंता का विषय बनी हुई है। इसी वजह से सुरक्षित निवेश विकल्पों के रूप में सोने और चांदी की मांग बनी हुई है। दूसरी ओर, अमेरिकी फेडरल रिजर्व की ब्याज दरों को लेकर अनिश्चितता भी कीमतों को प्रभावित कर रही है। 

विश्लेषकों का मानना है कि दशहरा, धनतेरस और दिवाली जैसे त्योहारों के नजदीक आने के साथ सोने-चांदी की मांग और बढ़ सकती है। भारत में त्योहारों और शादी-विवाह के मौसम में आभूषणों की खरीदारी बढ़ने से कीमतों को अतिरिक्त समर्थन मिल सकता है। हालांकि निवेशकों को वैश्विक आर्थिक घटनाक्रम, डॉलर इंडेक्स, अमेरिकी ब्याज दरों और भू-राजनीतिक परिस्थितियों पर नजर बनाए रखने की सलाह दी जा रही है, क्योंकि आने वाले दिनों में इन्हीं कारकों के आधार पर सोने और चांदी की कीमतों में उतार-चढ़ाव देखने को मिल सकता है। -आईएएनएस

ये बातें भूल कर भी न बताएं गर्लफ्रेंड को...

तिल मस्सों से हमेशा की मुक्ति के लिए 7 घरेलू उपाय

महिलाओं के ये 6 राज जान चौंक जाएंगे आप



Warning: PHP Startup: Unable to load dynamic library '/opt/cpanel/ea-php54/root/usr/lib64/php/modules/xsl.so' - /lib64/libxslt.so.1: symbol xmlGenericErrorContext, version LIBXML2_2.4.30 not defined in file libxml2.so.2 with link time reference in Unknown on line 0