चिलचिलाती धूप में भी मुस्कुराएगी आपकी बालकनी, ये 10 पौधे सहेंगे गर्मी की मार

चिलचिलाती धूप में भी मुस्कुराएगी आपकी बालकनी, ये 10 पौधे सहेंगे गर्मी की मार


शहरों में जैसे जैसे पारा बढ़ रहा है वैसे वैसे बागवानी के शौकीनों के लिए अपने पौधों को बचाना एक बड़ी चुनौती बन गया है खासकर अपार्टमेंट्स की बालकनी में जहां सीधी धूप और कंक्रीट की दीवारों के कारण तापमान और भी अधिक महसूस होता है वहां नाजुक पौधों का टिक पाना मुश्किल होता है लेकिन घबराने की जरूरत नहीं है। 

प्रकृति में ऐसे कई जादुई पौधे हैं जो न केवल भीषण गर्मी को झेलते हैं बल्कि तेज धूप में और भी निखर कर सामने आते हैं पेश हैं ऐसे 10 बेहतरीन पौधे जो आपकी बालकनी को इस सीजन में भी हरा भरा और फूलों से लदा रखेंगे। 

फूलों की बहार लाने वाले पौधेः 

बोगनविलियाः 
इसे रेगिस्तान का राजा कहें तो गलत नहीं होगा। कागज जैसे दिखने वाले इसके रंग बिरंगे फूल तेज धूप में सबसे ज्यादा खिलते हैं इसे बहुत कम देखभाल और कम पानी की जरूरत होती है। 

लैंटानाः 
छोटे छोटे रंगीन फूलों के गुच्छों वाला यह पौधा तितलियों का पसंदीदा है यह सूखे को आसानी से सहन कर लेता है और बालकनी की रेलिंग पर बहुत सुंदर लगता है। 

पेंटासः 
तारों के आकार वाले इसके फूल उमस और गर्मी में भी ताजे बने रहते हैं। यह अलग अलग ऊंचाइयों में उपलब्ध है जिसे आप अपनी बालकनी के स्पेस के हिसाब से चुन सकते हैं। 

विंका सदाबहारः 
जैसा इसका नाम है यह हर मौसम में साथ निभाता है दोपहर की तपिश में जब दूसरे पौधे मुरझा जाते हैं विंका की चमक बरकरार रहती है। 

स्टाइलिश और सख्त सकुलेंट्सः 

डेजर्ट रोज़ एडेनियमः 
अपने मोटे तने में पानी जमा करने वाला यह पौधा किसी छोटे बोनसाई जैसा दिखता है। इसके गुलाबी फूल आपकी बालकनी को एक प्रीमियम लुक देते हैं। 

पर्सलेनः 
अगर आप बहुत व्यस्त रहते हैं तो यह आपके लिए बेस्ट है। इसकी मांसल पत्तियां पानी बचाकर रखती हैं और सूरज की पहली किरण के साथ ही इसके फूल खिल उठते हैं। 

एगेवः 
आधुनिक डेकोर के लिए एगेव एक शानदार विकल्प है। यह अपनी बनावट और नुकीली पत्तियों के कारण बिना फूलों के भी बहुत प्रभावशाली दिखता है। 

बेल और सदाबहार विकल्पः 

मैंडेविलाः 
अगर आप अपनी बालकनी की दीवार या ग्रिल को फूलों से ढंकना चाहते हैं तो यह उष्णकटिबंधीय बेल सबसे अच्छा चुनाव है। इसके बड़े तुरही के आकार के फूल बेहद आकर्षक होते हैं। 

ज़िनियाः 
बीजों से आसानी से उगने वाला यह पौधा रंगों के इंद्रधनुष जैसा है। इसके मजबूत तने बालकनी में चलने वाली तेज हवाओं को भी आसानी से झेल लेते हैं। 

जेरेनियमः 
क्लासिक लुक पसंद करने वालों के लिए जेरेनियम बेहतरीन है। अच्छी जल निकासी वाली मिट्टी में यह पौधा बिना ज्यादा नखरे दिखाए पूरी गर्मी फूलों से लदा रहता है। 

विशेष सुझावः 

गर्मी के दिनों में पौधों को हमेशा सुबह जल्दी या सूरज ढलने के बाद ही पानी दें। गमलों की मिट्टी पर सूखी घास या पत्तों की मल्चिंग करने से नमी लंबे समय तक बनी रहती है। 
- हेमलता शर्मा, जयपुर

#काली मिर्च से आकस्मि धन प्राप्ति के उपाय