
Home decor: मेहराबदार डिजाइन से बदलें घर का लुक आधुनिक इंटीरियर में फिर लौटा आर्क का दौर
आजकल के आधुनिक घरों में सीधी दीवारें और सपाट दरवाजे देखकर अगर आप भी बोर हो चुके हैं, तो मेहराबदार यानी आर्क डिजाइन आपके काम आ सकते हैं। इंटीरियर डिजाइनर्स के अनुसार एक छोटा सा घुमावदार डिजाइन पूरे घर के माहौल को बेहद आलीशान और खूबसूरत बना सकता है। आइए जानते हैं कि आप अपने घर के अलग अलग हिस्सों में इन मेहराबदार डिजाइनों का इस्तेमाल कैसे कर सकते हैं।
मुख्य प्रवेश द्वार:
अक्सर लोग लिविंग रूम को तो खूब सजाते हैं लेकिन घर के एंट्री गेट को नजरअंदाज कर देते हैं। प्रवेश द्वार पर एक सुंदर मेहराब बनाने से आपके घर में एंट्री करते ही एक भव्य और स्वागत योग्य अहसास मिलता है।
लिविंग और डाइनिंग एरिया:
खुले लेआउट वाले घरों में बैठक और भोजन कक्ष बिल्कुल पास होते हैं। इन दोनों के बीच एक स्टाइलिश मेहराबदार दरवाजा बनाकर आप दोनों जगहों को बिना दीवार उठाए अलग कर सकते हैं और इससे घर का खुलापन भी बना रहता है।
ओपन किचन:
आजकल हर रसोई में दरवाजा लगाना जरूरी नहीं समझा जाता। रसोई के प्रवेश द्वार को मेहराब का आकार देने से किचन बड़ी और हवादार लगती है जिससे काम करते समय घुटन महसूस नहीं होती।
पूजा घर की सुंदरता:
हमारे घरों में मंदिर का स्थान सबसे विशेष होता है। पूजा कक्ष के दरवाजे पर या उसके ठीक ऊपर बना एक पारंपरिक मेहराब उस पूरे स्थान को बिना किसी अतिरिक्त सजावट के ही बेहद पवित्र और सुंदर रूप दे देता है।
बेडरूम और ड्रेसिंग एरिया:
बेडरूम के भीतर बने सिटिंग एरिया या ड्रेसिंग टेबल वाले हिस्से को अलग दिखाने के लिए मेहराब का उपयोग बेहतरीन विकल्प है। यह कमरे के तीखे कोनों को छुपाकर उसे एक आरामदायक और सौम्य लुक देता है।
सीढ़ियां और खाली दीवारें:
सीढ़ियों के पास की खाली और सादा दिखने वाली जगह पर मेहराब बनाने से वह हिस्सा अचानक से आकर्षक दिखने लगता है। इसके अलावा आप दीवार के अंदर ही एक छोटा मेहराबदार स्पेस यानी आला बनवा सकते हैं जहां सुंदर मूर्तियां या शोपीस रखे जा सकते हैं।
-हेमलता शर्मा, जयपुर
#महिलाओं के शरीर पर तिल,आइये जानते हैं इसके राज






