गर्मियों की छुट्टियों का परफेक्ट स्नैक : ऐसे बनाएं चटपटी और लाजवाब कॉर्न चाट

गर्मियों की छुट्टियों का परफेक्ट स्नैक : ऐसे बनाएं चटपटी और लाजवाब कॉर्न चाट

गर्मियों की छुट्टियां शुरू होते ही घर में बच्चों की चटर-पटर खाने की डिमांड बढ़ जाती है। दोपहर और शाम के वक्त कुछ ऐसा चाहिए होता है जो फटाफट बन जाए, पेट भी भरे और स्वाद में भी लाजवाब हो। ऐसे में बाजार के अनहेल्दी चिप्स या फ्राइज़ देने के बजाय चटपटी कॉर्न चाट एक बेहतरीन और हेल्दी ऑप्शन है।

कॉर्न चाट का खट्टा-मीठा और तीखा स्वाद न सिर्फ बच्चों को अपना दीवाना बना लेता है, बल्कि घर के बुजुर्गों को भी यह बेहद पसंद आती है। यह स्नैक स्वाद और सेहत का ऐसा लाजवाब कॉम्बिनेशन है, जिसे आप बिना किसी गिल्ट के अपनी फैमिली को परोस सकते हैं। 

सिर्फ 15 मिनट चाहिए तैयारी के लिएः 

इस मजेदार रेसिपी की सबसे अच्छी बात यह है कि इसे बनाने में बहुत कम समय लगता है। इसकी कुल तैयारी में महज 15 मिनट का समय लगता है और इसे पकने में सिर्फ 10 मिनट लगते हैं, यानी आधे घंटे से भी कम समय में आपका शानदार स्नैक तैयार हो जाता है। 

ऐसे बनाएं कार्न चाटः 

इसे बनाने के लिए सबसे पहले ताजे स्वीट कॉर्न लेकर उन्हें साफ पानी से अच्छे से धो लें। अब एक प्रेशर कुकर में कॉर्न डालें और साथ में थोड़ा सा पानी, स्वादानुसार नमक और आधा छोटा चम्मच हल्दी पाउडर मिला दें। कुकर का ढक्कन बंद करके मध्यम आंच पर दो से तीन सीटी आने तक इसे अच्छे से बॉईल (उबाल) होने दें। जब कुकर की गैस अपने आप निकल जाए, तो इसे खोलकर कॉर्न को थोड़ा ठंडा होने के लिए छोड़ दें। जब यह हल्के ठंडे हो जाएं, तो इनके दानों को अलग निकाल कर एक बाउल में रख लें। हल्दी डालने से कॉर्न का पीला रंग बहुत ही खूबसूरत निखर कर आता है। 

फ्रेश और क्रंची ट्विस्टः 

अब चाट को फ्रेश और क्रंची ट्विस्ट देने के लिए सब्जियों की कटिंग कर लेते हैं। दो हरी मिर्च, एक बड़े साइज का लाल टमाटर, एक बड़ा प्याज और ढेर सारी हरी धनिया पत्ती को एकदम बारीक-बारीक टुकड़ों में काट कर रख लें। इसके बाद गैस पर एक कड़ाही चढ़ाएं और उसमें बिल्कुल थोड़ा सा कुकिंग ऑयल (तेल) गरम करें। तेल गरम होते ही इसमें थोड़ी सी राई, जीरा और एक चुटकी हींग का तड़का लगाएं। 

जैसे ही जीरा चटकने लगे, कड़ाही में बारीक कटा हुआ प्याज डालें और उसे हल्का गुलाबी होने तक फ्राई करें। ध्यान रहे कि प्याज को बहुत ज्यादा नहीं गलाना है, इसका क्रंच बना रहना चाहिए। अब इसमें बारीक कटी हरी मिर्च और टमाटर डालकर एक-दो मिनट के लिए मध्यम आंच पर भूनें। जब टमाटर थोड़े सॉफ्ट हो जाएं, तब कड़ाही में उबले हुए कॉर्न के दाने डाल दें। 

अब बारी आती है बेसिक भारतीय मसालों की-इसमें स्वाद के अनुसार लाल मिर्च पाउडर, धनिया पाउडर और नमक डालें (याद रहे नमक हमने उबालते समय भी डाला था)। चाट को असली वाला स्वाद देने के लिए इसमें ऊपर से एक छोटा चम्मच भरकर चाट मसाला जरूर डालें। सभी चीजों को अच्छी तरह मिक्स करें और तेज आंच पर दो मिनट के लिए टॉस करें ताकि मसालों का फ्लेवर कॉर्न के अंदर तक चला जाए। 

लीजिए, आपकी गरमा-गरम, खुशबूदार और रंग-बिरंगी कॉर्न चाट बनकर बिल्कुल तैयार है! इसे सर्विंग बाउल में निकालें, ऊपर से बारीक कटी हरी धनिया पत्ती से सजाएं और थोड़ा सा ताजा नींबू का रस निचोड़ें। नींबू का रस इसके स्वाद को कई गुना बढ़ा देता है। इस बार गर्मियों की दोपहर में इस आसान रेसिपी को जरूर ट्राई करें और पूरी फैमिली के साथ मजे से खाएं! 

-श्वेता ईनाणी ,फूड ब्लॉगर ,उदयपुर

#जानिए अपनी Girlfriend के बारे में 8 अनजानी बातें



Warning: PHP Startup: Unable to load dynamic library '/opt/cpanel/ea-php54/root/usr/lib64/php/modules/xsl.so' - /lib64/libxslt.so.1: symbol xmlGenericErrorContext, version LIBXML2_2.4.30 not defined in file libxml2.so.2 with link time reference in Unknown on line 0