
Relationship : जब पार्टनर का प्यार बनने लगे रेड फ्लैग, जानिए अत्यधिक परवाह के पीछे
मजबूत और गहरे रिश्तों के लिए प्यार और आपसी तालमेल बेहद जरूरी माना जाता है। लेकिन मनोवैज्ञानिकों और हालिया शोधों के अनुसार जरूरत से ज्यादा या अचानक उमड़ा हुआ प्यार कभी-कभी रिश्ते में किसी अनकही उलझन या बदलाव की तरफ भी इशारा करता है। आइए जानते हैं कि पार्टनर का बहुत अधिक केयरिंग हो जाना किस तरह एक चेतावनी संकेत हो सकता है और इसके पीछे क्या वजहें हो सकती हैं।
रिश्तों में क्यों खटकती है प्यार की अति:
छिपी हुई कमियों को ढकने की कोशिश:
रिलेशनशिप एक्सपर्ट्स का मानना है कि जब किसी रिश्ते में बातचीत की कमी होने लगती है या भरोसा डगमगाने लगता है तो कई बार पार्टनर उस खालीपन को छिपाने के लिए जरूरत से ज्यादा प्यार का सहारा लेता है। इसे मनोविज्ञान की भाषा में ओवरकम्पनसेशन कहा जाता है जहां अपनी किसी गलती या कमी को छुपाने के लिए सामने वाले पर अतिरिक्त ध्यान दिया जाता है।
लव बॉम्बिंग का मनोवैज्ञानिक जाल:
शुरुआत में ही उपहारों तारीफों और वादों की झड़ी लगा देना हमेशा सच्चा लगाव नहीं होता। इसे विशेषज्ञ लव बॉम्बिंग कहते हैं। इसका मकसद सामने वाले को खुद पर पूरी तरह भावनात्मक रूप से निर्भर करना होता है। जब यह शुरुआती जूनून अचानक कम होता है तो दूसरा पार्टनर असमंजस में पड़ जाता है और खुद को ही कसूरवार मानने लगता है।
गंभीर शोध के चौंकाने वाले आंकड़े:
जर्नल ऑफ पर्सनैलिटी एंड सोशल साइकोलॉजी द्वारा 168 जोड़ों पर करीब 13 वर्षों तक किए गए एक लंबे अध्ययन में यह बात सामने आई कि जो कपल्स अपने रिश्ते के शुरुआती दौर में बहुत ज्यादा रोमांटिक या दिखावे वाला स्वभाव रखते थे उनमें आगे चलकर अलगाव की संभावना सामान्य कपल्स के मुकाबले लगभग एक-तिहाई अधिक पाई गई। इसका कारण यह है कि बहुत ज्यादा इंटेंसिटी को लंबे समय तक बनाए रखना व्यावहारिक रूप से संभव नहीं होता।
असली बुनियाद का कमजोर होना:
कोई भी टिकाऊ और खुशहाल रिश्ता सिर्फ बाहरी आकर्षण या लगातार तारीफों से नहीं चलता। समय बीतने के साथ शुरुआती उत्साह का थोड़ा शांत होना स्वाभाविक है। एक मजबूत रिश्ते की असली ताकत ईमानदारी खुलकर बात करने की आजादी और एक-दूसरे के प्रति सम्मान में होती है न कि हर वक्त परफेक्ट दिखने के दिखावे में।
ध्यान रखने वाली बात यह भी है कि हर केयरिंग पार्टनर को शक की नजर से देखना सही नहीं है।
कई लोग स्वभाव से ही बहुत संवेदनशील और एक्सप्रेसिव होते हैं। लेकिन यदि आपके पार्टनर के व्यवहार में अचानक कोई बड़ा और अस्वाभाविक बदलाव नजर आए तो सतर्क रहकर आपस में खुलकर बात करना सबसे बेहतर विकल्प होता है।
-हेमलता शर्मा, जयपुर
# 5 घरेलू उपचार,पुरूषों के बाल झडना बंद






