Make-Up tips: मेकअप करते वक्त की वो गलतियां, जो समय से पहले आपको दिखा सकती हैं बूढ़ा

Make-Up tips: मेकअप करते वक्त की वो गलतियां, जो समय से पहले आपको दिखा सकती हैं बूढ़ा

नई दिल्ली। आज की जीवन शैली ऐसी है कि घर में रहकर भी स्किन का ख्याल रखना पड़ता है क्योंकि सूरज की यूवी किरणें स्किन को बहुत अधिक प्रभावित करती हैं। घर से निकलते वक्त भी कई सावधानियां बरतनी पड़ती हैं। अगर चेहरे पर मेकअप किया है तो त्वचा का और ज्यादा ध्यान रखना पड़ता है। बहुत सारी ऐसी गलतियां हम रोजाना करते हैं, जो मेकअप के बाद चेहरे को नुकसान पहुंचाती हैं। 

साधारण अवधारणा है कि मेकअप खूबसूरती को बढ़ाता है, लेकिन गलत आदतें स्किन को नुकसान पहुंचाती हैं। इसलिए मेकअप के बाद अच्छे से स्किन केयर करना बहुत जरूरी है। आज हम आपको मेकअप के बाद के कुछ ऐसे जरूरी स्टेप्स और सावधानियों के बारे में बताएंगे, जो आपके चेहरे को निखारने में मदद करेंगे। 

पहला है स्किनकेयर के बिना ही मेकअप करना। कई लोग सीधा फाउंडेशन या प्राइमर चेहरे पर लगा देते हैं और यह तरीका स्किन को सबसे ज्यादा प्रभावित करता है। इससे स्किन के रोम छिद्रों के भीतर फाउंडेशन या प्राइमर चला जाता है और पिंपल होने लगते हैं। इससे बचने के लिए पहले स्किन को अच्छे से तैयार करें और अच्छी कंपनी का मॉइस्चराइजर लगाएं। मॉइस्चराइजर लगाने के बाद चेहरे को हल्के हाथों से थपथपाएं। ये तरीका चेहरे पर ग्लो और स्किन को तैयार करने में मदद करता है। इस स्टेप के बाद ही मेकअप करना शुरू करें। 

दूसरा गंदे ब्रश का इस्तेमाल। मेकअप करने से पहले अपने ब्रश को जरूर धोएं। पुराने ब्रश को लंबे समय बाद दोबारा स्किन पर लगाने से बचें क्योंकि ये पिंपल, खुजली, जलन और डलनेस का कारण बन सकता है। हफ्ते में एक बार अपना ब्रश जरूर धोएं और अच्छे से धूप में सुखाएं। 

तीसरा, रोजाना फाउंडेशन लगाने से बचें। अगर आप रोजमर्रा की जिंदगी में फाउंडेशन का इस्तेमाल करते हैं तो यह स्किन के लिए बहुत हानिकारक है। रोजाना फाउंडेशन का इस्तेमाल स्किन के रोम छिद्रों को बंद कर सकता है, जिससे समय से पहले झुर्रियां और झाइयां चेहरे पर दिखने लग जाती हैं। इसलिए रोजाना सनस्क्रीन और मॉइस्चराइजर का ही इस्तेमाल करें। 

चौथा, मेकअप के साथ सो जाना। कई बार रात के समय थक जाने की वजह से मेकअप उतारने का मन नहीं करता है, जो स्किन से जुड़ी सबसे ज्यादा समस्या पैदा करता है। रातभर चेहरे पर मेकअप लगा रहने से त्वचा रूखी और डल हो जाती है। ऐसे में स्किन को साफ करने के बाद मॉइस्चराइजर अप्लाई करने के बाद ही सोएं। यह आदत और सावधानी स्किन को डैमेज होने से बचाएगी और स्किन जवां महसूस करेगी। -आईएएनएस

#तिल मस्सों से हमेशा की मुक्ति के लिए 7 घरेलू उपाय