
पुरानी बेजान चूड़ियों से बनाएं शानदार डिजाइनर कड़े, सीखें यह आसान और अनोखा क्राफ्ट
अक्सर घर में पड़ी पुरानी चूड़ियों का रंग फीका पड़ जाता है या फिर उनका फैशन चला जाता है। ऐसे में अधिकतर महिलाएं उन्हें बेकार समझकर फेंक देती हैं या फिर अलमारी के किसी कोने में सड़ने के लिए छोड़ देती हैं। लेकिन थोड़ी सी समझदारी और क्रिएटिविटी की मदद से आप इन पुरानी चूड़ियों को नया जीवन दे सकती हैं। आज हम आपको एक बेहद आसान और खूबसूरत तरीका बताने जा रहे हैं जिसकी मदद से आप पुरानी चूड़ियों से बाजार जैसे बेहद खूबसूरत और नए डिजाइनर कड़े तैयार कर सकती हैं। यह कड़े आपकी साड़ी सूट या किसी भी एथनिक ड्रेस के साथ पहनने पर बहुत ही शानदार लगेंगे और आपकी सुंदरता में चार चांद लगा देंगे।
इस आसान और नया रूप देने वाले क्राफ्ट को तैयार करने के लिए आपको बहुत ज्यादा सामान की आवश्यकता नहीं पड़ेगी। आपको बस अपने घर में मौजूद पुरानी चूड़ियां सेलो टेप कैंची अपनी पसंद का रंगीन सिल्क या नायलॉन का धागा फेविकोल और सजाने के लिए कुछ स्टोन शीशे या चमकदार मोती चाहिए होंगे।
इसे बनाने की प्रक्रिया बेहद सरल है। सबसे पहले आठ से दस पुरानी चूड़ियों को एक साथ मिलाकर एक चौड़ा आकार दें। इसके बाद इन्हें आपस में कसकर जोड़ने के लिए दोनों तरफ अच्छे से सेलो टेप लपेट दें ताकि चूड़ियां अपनी जगह से न हिलें और एक मजबूत कड़े का ढांचा तैयार हो जाए। अब अपनी पसंद के रंग का सिल्क का धागा लें। कड़े के ढांचे पर थोड़ा-थोड़ा फेविकोल लगाते हुए धागे को पूरी चूड़ी पर अच्छी तरह गोल-गोल लपेटना शुरू करें। इस बात का विशेष ध्यान रखें कि धागा लपेटते समय बीच में कोई खाली जगह या गैप न छूटे।
जब धागा पूरी तरह लपेट जाए तो इसे और अधिक आकर्षक बनाने के लिए सजावट करें। आप फेविकोल की मदद से इस पर डायमंड चेन छोटे स्टोन मोती या शीशे के टुकड़े चिपका सकती हैं। आप अपनी पसंद के अनुसार इन पर फूलों की या घुमावदार सुंदर आकृतियां बना सकती हैं। सजावट पूरी होने के बाद कड़ों को सूखने के लिए एक से दो घंटे के लिए छोड़ दें। सूखने के बाद आपके एकदम नए और फैंसी कड़े बनकर तैयार हो जाएंगे।
अगर आप इसमें थोड़ा और नयापन जोड़ना चाहती हैं तो आप दो अलग-अलग रंगों के धागों का उपयोग करके मल्टीकलर कड़ा भी बना सकती हैं। इसके अलावा कड़े के किनारे पर छोटी घुंगरू की लटकन लगाकर आप इसे राजस्थानी या लटकन वाला कड़ा लुक भी दे सकती हैं। यह सुंदर कड़े न केवल आपके पैसे बचाएंगे बल्कि आपकी रचनात्मकता को भी दिखाएंगे।
हेमलता शर्मा जयपुर






