
घर पर ऐसे बनाएं मिडिल ईस्ट की मशहूर मिठाई कुनाफा, स्वाद ऐसा कि उंगलियां चाटते रह जाएंगे
अगर आपको मीठा खाने का शौक है और आप हर बार वही पुरानी मिठाइयां खाकर ऊब चुके हैं तो इस बार कुछ नया और बेहद स्वादिष्ट ट्राई कर सकते हैं। मिडिल ईस्ट की सबसे लोकप्रिय मिठाइयों में शुमार कुनाफा अब भारत में भी काफी पसंद किया जाने लगा है। बाहर से एकदम कुरकुरा और अंदर से नरम व चीज़ी स्वाद देने वाला कुनाफा खाने में जितना लाजवाब होता है, इसे घर पर बनाना भी उतना ही आसान है। इसके लिए आपको किसी महंगे रेस्टोरेंट या बेकरी जाने की बिल्कुल जरूरत नहीं है। आप बहुत ही कम सामग्री और आसान तरीके से इसे रसोई में तैयार कर सकते हैं।
इसे बनाने के लिए लगभग चार लोगों के हिसाब से ढाई सौ ग्राम कदायफ या कुनाफा पेस्ट्री ढाई सौ ग्राम मोजरेला चीज सौ ग्राम पिघला हुआ मक्खन एक कप चीनी आधा कप पानी एक छोटा चम्मच नींबू का रस एक छोटा चम्मच गुलाब जल और सजावट के लिए कटे हुए पिस्ता की आवश्यकता होती है।
कुनाफा बनाने की शुरुआत सबसे पहले इसकी चाशनी तैयार करके करें। एक बर्तन में चीनी और पानी डालकर मध्यम आंच पर पांच से सात मिनट तक पकाएं। जब चाशनी हल्की गाढ़ी हो जाए तो इसमें नींबू का रस और गुलाब जल डालकर गैस बंद कर दें और इसे ठंडा होने दें। इसके बाद कदायफ पेस्ट्री को हाथों से थोड़ा अलग कर लें और इसमें पिघला हुआ मक्खन अच्छी तरह मिलाएं ताकि पेस्ट्री का हर हिस्सा नम हो जाए।अब एक गोल बेकिंग पैन में थोड़ा सा मक्खन लगाएं। इसमें आधी पेस्ट्री फैलाएं फिर बीच में कद्दूकस किया हुआ मोजरेला चीज डालें। ध्यान रखें कि चीज को किनारों से थोड़ा दूर ही रखें ताकि पकते समय यह बाहर न निकले। अब बाकी बची हुई पेस्ट्री से चीज को ढक दें और हल्के हाथों से दबाएं।
इसके बाद ओवन को 180 डिग्री पर पहले से गर्म करें और पैन को उसमें रखकर तीस से चालीस मिनट के लिए बेक करें। जब ऊपरी परत सुनहरी और क्रिस्पी दिखने लगे तो इसे बाहर निकाल लें। अंत में गर्म कुनाफा पर ठंडी चाशनी डालें और ऊपर से पिस्ता छिड़ककर गर्मागर्म परोसें। इस आसान रेसिपी से बना कुनाफा आपके परिवार और मेहमानों को बेहद पसंद आएगा।
हेमलता शर्मा जयपुर
#उफ्फ्फ! दीपिका का इतने हसीन जलवे कवर पेज पर...






