
घर में बन गए हैं हद से ज्यादा मकड़ी के जाले, तो इस तरह करें साफ
घर की साफ-सफाई का असर सिर्फ उसकी खूबसूरती पर ही नहीं, बल्कि स्वास्थ्य पर भी पड़ता है। कई बार नियमित सफाई के बावजूद घर के कोनों, छतों और खिड़कियों के आसपास मकड़ी के जाले बनने लगते हैं। ये जाले न सिर्फ घर को गंदा दिखाते हैं, बल्कि धूल और कीटाणुओं को भी जमा करते हैं। खासतौर पर बरसात और गर्मियों के मौसम में मकड़ियां ज्यादा जाले बनाती हैं, जिससे घर का लुक खराब होने लगता है। कई लोग इन्हें साफ तो कर देते हैं, लेकिन कुछ दिनों बाद फिर से जाले नजर आने लगते हैं। ऐसे में जरूरी है कि जालों को सिर्फ हटाया ही नहीं, बल्कि बनने से रोकने के उपाय भी किए जाएं।
लंबे हैंडल वाले झाड़ू या डस्टर का करें इस्तेमाल
घर की छतों और ऊंचे कोनों में बने जालों को साफ करने के लिए लंबे हैंडल वाले झाड़ू या माइक्रोफाइबर डस्टर का इस्तेमाल सबसे आसान तरीका माना जाता है। इससे बिना ज्यादा मेहनत के ऊंची जगहों तक पहुंचा जा सकता है। सफाई करते समय धीरे-धीरे जालों को हटाएं, ताकि धूल ज्यादा न फैले। अगर जाले बहुत पुराने हों, तो पहले सूखे कपड़े से हल्का साफ करें और बाद में गीले कपड़े से पोछ लें। नियमित रूप से ऐसा करने से जाले जमा नहीं हो पाते।
सिरका और पानी का स्प्रे आएगा काम
मकड़ियों को दूर रखने के लिए सिरका काफी असरदार माना जाता है। एक स्प्रे बोतल में बराबर मात्रा में सफेद सिरका और पानी मिलाकर तैयार करें। अब इसे उन कोनों, खिड़कियों और जगहों पर छिड़कें जहां मकड़ियां ज्यादा जाले बनाती हैं। सिरके की तेज गंध मकड़ियों को दूर रखने में मदद करती है। इससे न सिर्फ पुराने जाले हटाने में आसानी होती है, बल्कि नए जाले बनने की संभावना भी कम हो जाती है। इस उपाय को सप्ताह में एक या दो बार किया जा सकता है।
घर के कोनों और स्टोर रूम की नियमित सफाई करें
अक्सर मकड़ियां उन जगहों पर जाले बनाती हैं जहां लंबे समय तक सफाई नहीं होती। स्टोर रूम, बेड के नीचे, अलमारी के पीछे और छत के कोने ऐसी जगहें होती हैं जहां जल्दी जाले बनने लगते हैं। इसलिए जरूरी है कि इन हिस्सों की भी नियमित सफाई की जाए। अगर घर में धूल कम जमा होगी, तो मकड़ियां भी कम आएंगी। समय-समय पर पुराने सामान की सफाई और व्यवस्थित रखना भी काफी फायदेमंद होता है।
नीम और पुदीने की खुशबू से रहेंगी दूर मकड़ियां
मकड़ियों को नीम और पुदीने की तेज खुशबू पसंद नहीं होती। आप घर में नीम की पत्तियां रख सकती हैं या पुदीने के तेल का स्प्रे इस्तेमाल कर सकती हैं। इससे मकड़ियां घर के अंदर कम आती हैं। खिड़कियों और दरवाजों के आसपास इस स्प्रे का इस्तेमाल ज्यादा फायदेमंद माना जाता है। यह तरीका प्राकृतिक होने के साथ-साथ घर में ताजगी भी बनाए रखता है। नियमित सफाई और इन घरेलू उपायों की मदद से घर को मकड़ी के जालों से काफी हद तक बचाया जा सकता है।
#सोनाक्षी के बोल्ड लुक्स देखकर हैरान हो जाएंगे आप!






