
12th और Graduation के बाद इंडियन आर्मी में ऑफिसर कैसे बनें
भारतीय सेना में शामिल होकर देश की सेवा करना लाखों युवाओं का सपना होता है। सेना में अधिकारी यानी ऑफिसर के पद पर शामिल होने के लिए कई तरह के माध्यम मौजूद हैं। सही योग्यता और प्रक्रिया की जानकारी होना उम्मीदवारों के लिए बेहद जरूरी है।
12वीं के बाद एनडीए का विकल्प
अगर कोई उम्मीदवार 12वीं कक्षा के बाद सीधे सेना में ऑफिसर बनना चाहता है तो एनडीए यानी नेशनल डिफेंस एकेडमी एक प्रमुख माध्यम है। इसके लिए संघ लोक सेवा आयोग यानी यूपीएससी की ओर से लिखित परीक्षा आयोजित की जाती है। इसमें 12वीं पास या परीक्षा दे रहे उम्मीदवार शामिल हो सकते हैं। लिखित परीक्षा के बाद एसएसबी इंटरव्यू और मेडिकल टेस्ट होता है। इसमें सफल होने वाले अभ्यर्थियों को ट्रेनिंग के बाद सेना में ऑफिसर का पद मिलता है।
तकनीकी क्षेत्र के लिए टीईएस एंट्री
जिन छात्रों ने 12वीं कक्षा में भौतिकी रसायन विज्ञान और गणित विषय पढ़े हैं वे टीईएस यानी टेक्निकल एंट्री स्कीम के माध्यम से आवेदन कर सकते हैं। यह एंट्री तकनीकी पृष्ठभूमि वाले युवाओं के लिए बनाई गई है। इसमें सफल उम्मीदवारों को इंजीनियरिंग से जुड़ी पढ़ाई के साथ सैन्य ट्रेनिंग दी जाती है। इस प्रक्रिया में शामिल होने के लिए शैक्षणिक योग्यता और प्राप्तांक की शर्तें समय समय पर बदलती रहती हैं।
ग्रेजुएशन के बाद सीडीएस की परीक्षा
ग्रेजुएशन पूरी कर चुके या अंतिम वर्ष में पढ़ाई कर रहे युवाओं के लिए सीडीएस यानी कंबाइंड डिफेंस सर्विसेज की परीक्षा एक बेहतरीन माध्यम है। यूपीएससी द्वारा साल में दो बार यह परीक्षा कराई जाती है। सीडीएस के माध्यम से चयनित उम्मीदवारों को भारतीय सैन्य अकादमी या ऑफिसर्स ट्रेनिंग अकादमी में भेजा जाता है। इसके जरिए परमानेंट कमीशन या शॉर्ट सर्विस कमीशन के तहत ऑफिसर बनने का अवसर मिलता है।
अग्निवीर और ऑफिसर एंट्री में अंतर
अग्निवीर योजना और ऑफिसर एंट्री दोनों अलग व्यवस्थाएं हैं। अग्निवीर योजना के तहत उम्मीदवारों की भर्ती सैनिक के स्तर पर होती है। इस योजना के जरिए सीधे ऑफिसर का पद नहीं मिलता है। जो युवा शुरुआत से ही सेना में अधिकारी बनना चाहते हैं उन्हें अपनी उम्र और पढ़ाई के अनुसार एनडीए टीईएस या सीडीएस का रास्ता चुनना चाहिए।
सभी भर्ती प्रक्रियाओं के लिए आयु सीमा शैक्षणिक योग्यता और शारीरिक मापदंड अलग होते हैं। उम्मीदवारों को आवेदन करने से पहले आधिकारिक वेबसाइट पर जाकर पूरी जानकारी जांच लेनी चाहिए।
हेमलता शर्मा जयपुर






