गर्मी में बिजली कटौती से परेशान लोगों के लिए खुशखबरी, अब बिना फ्रिज के भी मिलेगा बर्फ जैसा ठंडा पानी

गर्मी में बिजली कटौती से परेशान लोगों के लिए खुशखबरी, अब बिना फ्रिज के भी मिलेगा बर्फ जैसा ठंडा पानी

जैसे जैसे गर्मी का पारा चढ़ रहा है वैसे ही शहरों और गांवों में बिजली की अघोषित कटौती ने लोगों की मुश्किलें बढ़ा दी हैं। अक्सर देखा जाता है कि बिजली न होने पर फ्रिज शोपीस बन जाते हैं और ठंडा पानी पीने की इच्छा अधूरी रह जाती है। लेकिन क्या आप जानते हैं कि हमारे पास ऐसी प्राचीन तकनीकें मौजूद हैं जो शून्य खर्च में पानी को नेचुरल तरीके से ठंडा कर सकती हैं। 

मिट्टी के बर्तनों का जादूः 
आज के दौर में हम फ्रिज पर इतने निर्भर हो गए हैं कि हम मिट्टी के बर्तनों की ताकत भूल चुके हैं। विज्ञान कहता है कि मिट्टी के घड़े में मौजूद छोटे छेद पानी को लगातार बाहर की तरफ रिसने देते हैं। जब यह पानी हवा के संपर्क में आकर भाप बनता है तो घड़े के अंदर एक कूलिंग सिस्टम तैयार हो जाता है। अगर आप अपने घड़े के नीचे बालू रेत की एक मोटी परत बिछा दें और उस पर हल्का पानी छिड़कते रहें तो घड़े के अंदर का तापमान बाहर के मुकाबले 10 से 15 डिग्री तक कम हो सकता है। 

जूट की बोरियों का कमालः 
अगर आपके पास मिट्टी का घड़ा नहीं है और आप किसी धातु के बर्तन या प्लास्टिक की बोतल में पानी रखते हैं तो जूट की बोरी या मोटा सूती कपड़ा आपके काम आ सकता है। बर्तन के चारों ओर जूट की बोरी को गीला करके लपेट दें। जैसे ही गर्म हवा इस गीले कपड़े से टकराएगी वाष्पीकरण की प्रक्रिया शुरू हो जाएगी जो बर्तन के भीतर की गर्मी को सोख लेगी। यह तरीका लंबे सफर के दौरान पानी को ठंडा रखने के लिए सबसे बेस्ट माना जाता है। 

सेहत के लिए भी है वरदानः 
आयुर्वेद विशेषज्ञों का मानना है कि फ्रिज का पानी हमारे गले और पाचन तंत्र के लिए नुकसानदेह होता है क्योंकि इसका तापमान शरीर के अनुकूल नहीं होता। इसके विपरीत मिट्टी के घड़े का पानी क्षारीय होता है जो शरीर के एसिडिक लेवल को कंट्रोल करता है। इससे न केवल प्यास बुझती है बल्कि यह मेटाबॉलिज्म को भी दुरुस्त रखता है। 

तो इस बार अगर बिजली गुल हो जाए तो परेशान होने के बजाय इन देसी नुस्खों को अपनाएं। यह न केवल आपके बिजली बिल को कम करेंगे बल्कि आपको एक स्वस्थ जीवनशैली की ओर भी ले जाएंगे। याद रखें कि असली ठंडक तकनीक में नहीं बल्कि प्रकृति के साथ जुड़ने में है। 

-हेमलता शर्मा, जयपुर

#आलिया भट्ट की कातिल अंदाज देखकर दंग रहे जाऐंगे आप