
खाली सीलिंग को सजाकर अपने आशियाने को दें एक नया और आकर्षक रूप
अक्सर हम अपने घर को सजाते समय दीवारों के रंग फर्नीचर के चुनाव और फर्श की खूबसूरती पर तो पूरा ध्यान देते हैं। लेकिन कमरे की छत यानी सीलिंग को अनदेखा कर देते हैं सादी और खाली सीलिंग कमरे के पूरे लुक को अधूरा बना सकती है। सही सीलिंग हैंगिंग डेकोर चुनकर आप अपने घर के इंटीरियर में एक नया जीवन फूंक सकते हैं। इस बदलाव से न केवल कमरा बड़ा और हवादार दिखता है बल्कि घर में आते ही एक सकारात्मक ऊर्जा का अहसास भी होता है यहाँ हम आपको कुछ बेहतरीन और आधुनिक तरीके बता रहे हैं। जिनसे आप अपनी सीलिंग को बेहद खूबसूरत बना सकते हैं।
घर में प्राकृतिक और शांत माहौल बनाने के लिए पौधों से बेहतर कुछ नहीं हो सकता सीलिंग से अलग अलग लंबाई में छोटे गमले या बेलदार पौधे लटकाएं। जब इन पौधों की पत्तियां नीचे की ओर लहराती हैं तो कमरा किसी सुंदर बगीचे जैसा अहसास देता है। इसके अलावा मैक्रैम हैंगिंग का इस्तेमाल भी बहुत पसंद किया जा रहा है। सूती धागों से बनी ये हाथ की कारीगरी कमरे को एक क्लासिक और बोहेमियन लुक देती है। इसे आप अपने पढ़ने के कोने या खिड़की के पास लगा सकते हैं।
अगर आप रोशनी और आधुनिकता का सही मेल चाहते हैं तो पेंडेंट लाइट क्लस्टर एक बेहतरीन विकल्प है। अलग अलग ऊंचाइयों पर लटकती हुई रंगीन या मैटेलिक लाइट डाइनिंग एरिया और लिविंग रूम को बेहद शानदार बना देती हैं। इसके साथ ही यदि आप पारंपरिक और हस्तशिल्प चीज़ों के शौकीन हैं तो मिट्टी से बनी टेराकोटा की घंटियां या सजावटी टोकरियों को छत पर लगा सकते हैं। ये देसी बनावट घर को एक अलग पहचान देती है।
सीलिंग को नया रूप देने के लिए सूखी पत्तियों और रंग बिरंगे सूखे फूलों का गुलदस्ता बनाकर लटकाना भी एक नया ट्रेंड बन चुका है। यह कमरे को एक भीनी खुशबू और प्राकृतिक सुंदरता प्रदान करता है। हवा के हल्के झोंकों के साथ झूमते हुए आर्टिस्टिक मोबाइल या लकड़ी के मोतियों की लड़ियाँ भी देखने में बहुत शांत और सुंदर लगती हैं। इन छोटे बदलावों से आपकी सादी सीलिंग पूरे घर का केंद्र बिंदु बन सकती है। बस अपनी पसंद और घर के बाकी इंटीरियर को ध्यान में रखकर सही चीज़ का चुनाव करें और अपने सपनों के घर को एक अनोखा रूप दें।
हेमलता शर्मा जयपुर
#हर मर्द में छिपी होती है ये 5 ख्वाहिशें






