
सर्दियों का मजा कीजिए दोगुना घर पर बनाएं बाजार जैसी क्रंची और स्वादिष्ट मूंगफली की चिक्की नोट करें आसान रेसिपी
सर्दियों का मौसम शुरू होते ही बाजारों में गुड़ और मूंगफली से बनी चीजों की खुशबू और रौनक बढ़ जाती है। इनमें सबसे ज्यादा पसंद की जाने वाली चीज मूंगफली की चिक्की है जो न केवल खाने में बेहद स्वादिष्ट होती है बल्कि कड़ाके की ठंड में शरीर को गर्म रखने और ऊर्जा देने का काम भी करती है। अगर आप मिलावटी और बाजार की महंगी चिक्की से बचना चाहते हैं तो आप इसे केवल तीन बुनियादी चीजों से घर पर ही मिनटों में तैयार कर सकते हैं। आइए जानते हैं इसे बनाने का सबसे आसान तरीका।
आवश्यक सामग्री
दो कप मूंगफली।
एक कप गुड़।
एक छोटा चम्मच घी।
रेसिपी विधि
चिक्की बनाने के लिए सबसे पहले एक कड़ाही में मूंगफली को धीमी आंच पर अच्छी तरह भून लें। जब मूंगफली भुन जाए और उसके छिलके आसानी से उतरने लगें तब गैस बंद कर दें। मूंगफली के ठंडे होने पर छिलके हटा लें और चाहें तो इन्हें हल्का दरदरा कर लें या साबुत ही रहने दें।
अब एक साफ कड़ाही में एक छोटा चम्मच घी डालें और उसमें गुड़ डालकर धीमी आंच पर पिघलाएं। गुड़ को लगातार चलाते रहें ताकि वह नीचे से जले नहीं। कुछ ही मिनटों में गुड़ पूरी तरह पिघलकर गाढ़ा हो जाएगा।
चाशनी सही बनी है या नहीं यह देखने के लिए एक कटोरी में ठंडा पानी लें और उसमें गुड़ की एक बूंद डालें। यदि वह बूंद पानी में जाते ही तुरंत सख्त हो जाए, तो समझ लें कि आपकी परफेक्ट चाशनी बिल्कुल तैयार है।
अब गैस की आंच को धीमा कर दें और भुनी हुई मूंगफली को गुड़ में डालकर अच्छी तरह मिला लें ताकि हर एक मूंगफली के दाने पर गुड़ की अच्छी परत चढ़ जाए।
इस तैयार मिश्रण को तुरंत घी से चुपड़ी हुई थाली या बटर पेपर के ऊपर निकाल लें। बेलन की मदद से इसे अपनी पसंद के अनुसार पतला बेल लें। मिश्रण के हल्का गर्म रहते ही चाकू की सहायता से इस पर चौकोर या डायमंड शेप के कट लगा दें।
जब चिक्की पूरी तरह ठंडी होकर कड़क हो जाए तो इसे टुकड़ों में अलग कर लें। अब आपकी बाजार जैसी स्वादिष्ट और क्रंची मूंगफली की चिक्की तैयार है जिसे आप सर्दियों में चाय के साथ मजे से खा सकते हैं।
हेमलता शर्मा जयपुर
# 5 घरेलू उपचार,पुरूषों के बाल झडना बंद






